
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर स्थित झारखंड राज्य आवास बोर्ड, जमशेदपुर प्रमंडल कार्यालय विगत कई वर्षों से जर्जर अवस्था में है, जिसके कारण कर्मचारियों को काम करने में काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही है. वर्तमान समय में आवास बोर्ड कार्यालय की छत और दीवारें काफी जर्जर अवस्था में है, जिससे यहां कभी भी दुर्घटना गठित हो सकती है. इस संबंध में संपर्क करने पर आवास बोर्ड के कार्यपालक अभियंता सुबोध तिर्की ने बताया कि झारखंड में कई प्रमंडलों में आवास बोर्ड के नए कार्यालय भवन का निर्माण कराने की योजना है. इसके तहत नए सिरे से रांची समेत अन्य प्रमंडलों के कार्यालय भवन का निर्माण होगा. श्री तिर्की ने बताया कि इस क्रम में आदित्यपुर स्थित प्रमंडलीय कार्यालय का भवन भी नवनिर्मित होगा, जिसका डीपीआर भी शीघ्र तैयार हो जाएगा. उसके बाद नए कार्यालय भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरु होगी.
आदित्यपुर में निर्मित फ्लैटों का शीघ्र होगा आवंटन
आवाज बोर्ड के कार्यपालक अभियंता सुबोध तिर्की ने बताया कि आदित्यपुर में बनकर तैयार फ्लैट्स के लॉटरी का माध्यम से आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र शुरु होगी. बोर्ड के द्वारा रांची में भी फ्लैट्स का निर्माण कराया गया है. वहीं, हजारीबाग में भी आवास बोर्ड के फ्लैट्स बन कर तैयार हैं. हजारीबाग में निर्मित फ्लैट्स के आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद आदित्यपुर में बोर्ड के द्वारा निर्मित फ्लैट्स के आवंटन की प्रक्रिया शुरु होगी. उन्होंने बताया कि जमशेदपुर में आवास बोर्ड द्वारा जमशेदपुर प्रमंडल के लिए कई योजनाएं तैयार की गई है, जिन्हें शीघ्र हीं धरातल पर उतरने का प्रयास किया जाएगा.

