
आईएनएसएमएम एंड इइएफ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक
झारखंड प्रदेश इंटक कार्यकारिणी की बैठक कल
उदित वाणी, जमशेदपुर : मजदूर संगठन कमजोर है. इसका कारण एक कंपनी में एक से अधिक यूनियनों का होना है. मालिक और प्रबंधन मजदूरों के इसी फूट का पूरा लाभ उठाते हैं. हममें एकता नहीं है. हम प्रबंधन के समक्ष झुक जाते हैं. मजदूरों के अंदर यह कैंसर है. इसलिए ठेका मजदूरों की संख्या बढ़ रही हैं. इसके लिए हमें संगठित होना होगा. इंटक और स्टील, मेटल, मेटल माइंस एंड इंजीनियरिंग इंप्लाइज फेडरेशन (आईएनएसएमएम एंड इइएफ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जी संजीवा रेड्डी ने सोमवार को माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित आईएनएसएमएम एंड ईईएफ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कही.
ठेका प्रथा बढ़ रही
उन्होंने कहा कि ठेका मजदूरों से कंपनी चल रही है. ठेका मजदूर कम पैसा में काम करते हैं. इससे कंपनी का मुनाफा बढ़ता है. सभी यूनियनों के साथ लड़ने से रास्ता निकलेगा. बीएमएस को छोड़कर सीटू, एटक समेत सभी ट्रेड यूनियन एक मंच पर आ रहे हैं. हम सरकार से बात भी कर रहे हैं. हम ठेका मजदूरों की समस्याओं का भी निदान चाहते हैं. ठेका मजदूरों को स्थायी प्रकृति के जॉब पर नहीं रखे. ठेका मजदूरों का कैसे रेगुलाइजेशन हो, इसपर बात कर रहे हैं.
देश के विकास में मजदूरों की अहम भूमिका-तारिक अनवर
कटिहार के सांसद तारिक अनवर ने कहा कि देश के विकास में मजदूरों की अहम भूमिका है, लेकिन सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के कारण इनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है. सांसद ने कहा कि देश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है. बेरोजगारी की समस्या दिनोंदिन बढ़ रही है. संगठित क्षेत्र के मजदूरों की स्थिति कुछ हद तक ठीक है, पर असंगठित (अप्रवासी) मजदूरों की स्थिति दयनीय है. झारखंड-बिहार के लाखों असंगठित क्षेत्र के मजदूर इस दंश को झेल रहे हैं. इंटक मजदूरों के लिए सुरक्षित कार्य पद्धति, उचित मजदूरी, पेंशन, बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा जैसे मुद्दे पर काम कर रहा है. इस दिशा में अभी और काम करने की जरूरत है. फेडरेशन के महासचिव एवं जुस्को श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडेय ने फेडरेशन के बायलॉज में संशोधन के बारे में जानकारी भी दी, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया. बैठक को इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी आदि ने भी संबोधित किया.
झारखंड प्रदेश इंटक कार्यकारिणी की बैठक कल
भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) झारखंड प्रदेश की कार्यकारिणी बैठक मंगलवार 26 अगस्त को को अपराह्न 3 बजे से जमशेदपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में होगी. बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पाण्डेय करेंगे. इस अवसर पर राष्ट्रीय इंटक अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. संजीवा रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. बैठक में संगठनात्मक और वित्तीय मामलों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी. एजेंडे में शोक प्रस्ताव, पिछली बैठक के कार्य की पुष्टि, प्रदेश की वर्तमान स्थिति, संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, वित्तीय विषय, संबद्धता एवं असंबद्धता से संबंधित निर्णय तथा अध्यक्ष की अनुमति से अन्य बिंदुओं पर विमर्श शामिल हैं.
इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीवा रेड्डी का हुआ स्वागत
इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीवा रेड्डी का टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन द्वारा चमरिया गेस्ट हाउस में भव्य स्वागत किया गया. अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद व महामंत्री आरके सिंह समेत यूनियन के तमाम पदाधिकारी व कमेटी मेंबर स्वागत कार्यक्रम में उपस्थित थे. यहां यूनियन की ओर से महामंत्री आरके सिंह व अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद समेत अन्य द्वारा यूथ इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष पी श्री निवासन व राष्ट्रीय इंटक के कोषाध्यक्ष सुरेंद्र राव को जेएन टाटा साहब का चित्र स्मृति स्वरूप भेंटकर स्वागत किया.

