
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के दमदमपुर इलाके में सोमवार की सुबह एक हृदय विदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। यहां नवविवाहिता अष्टमी किस्कू (26) ने अपने घर में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महज दस दिन पहले विवाह के बंधन में बंधी अष्टमी की अचानक मौत से परिजन और ग्रामीण शोक में डूब गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, अष्टमी किस्कू की शादी बीते 15 अगस्त को एमजीएम थाना क्षेत्र के बालीगुमा निवासी कुश मुर्मू से आपसी सहमति और पूरे रीति-रिवाज के साथ हुई थी। मृतका की मां कल्याणी किस्कू ने रोते-बिलखते आरोप लगाया कि शादी के तुरंत बाद से ही उसका पति उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। सोमवार सुबह नाश्ता करते समय भी अष्टमी ने मां से अपनी पीड़ा साझा की थी और बताया था कि वह लगातार परेशान है। बातचीत के कुछ ही देर बाद उसने अपने कमरे में जाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के समय दरवाजा अंदर से बंद था। जब परिजनों ने काफी देर तक आवाज देने के बाद कोई प्रतिक्रिया नहीं पाई तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर अष्टमी दुपट्टे से बने फंदे में झूल रही थी। आनन-फानन में परिजन उसे उतारकर एमजीएम अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पति कुश मुर्मू और ससुराल पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। पति ने कहा कि शादी पूरे रीति-रिवाज से हुई थी और उसे नहीं पता कि अष्टमी ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया।
स्थानीय पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। इधर, आसपास के ग्रामीणों ने इस घटना को अत्यंत दर्दनाक करार देते हुए कहा कि विवाह के ग्यारह दिन बाद ही नवविवाहिता का इस तरह मौत को गले लगाना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। फिलहाल पुलिस ने पति और ससुराल पक्ष से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की छानबीन की जा रही है।

