
इस साल कर्मचारियों को अधिकतम बोनस 75223 रूपए और औसत 50160 रूपए मिलेगा
टाटा मोटर्स में टीएमएसटी के युग का हुआ समापन, अगले साल बाई सिक्स कर्मी भी इतिहास बन जाएंगे
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा मोटर्स कर्मियों को इस साल 12.3 फीसदी बोनस मिलेगा. पिछले साल 11 फीसदी बोनस मिला था. शनिवार 23 अगस्त को प्रबंधन और यूनियन के बीच समझौता हुआ. समझौते के अनुसार इस साल कर्मचारियों को अधिकतम 75223 रूपए और औसत 50160 रूपए बोनस की राशि मिलेगी. पिछले साल कर्मचारियों को अधिकतम बोनस के रूप में 63872 एवं औसत बोनस के तौर पर 46418 रुपए मिले थे. इस तरह अधिकतम बोनस की राशि में 11351 रूपए और न्यूनतम बोनस की राशि में 3742 रूपए की बढ़ोतरी हुई है. बोनस का लाभ कंपनी के सात हजार स्थायी कर्मचारियों को मिलेगा. जबकि 1300 टेम्पोरेरी बचे कर्मियों को 8.33 फीसदी बोनस की राशि मिलेगी. सुपरनुएशन के तहत आने वाले कर्मियों को 15048 रुपए बोनस मिलेगा. इस तरह टाटा मोटर्स जमशेदपुर के कर्मचारियों के बोनस पर लगभग 40 करोड़ रूपए का भार आएगा. बोनस की राशि अगस्त माह के वेतन के साथ एक सितंबर को मिल जाएगी. बोनस समझौते पर हस्ताक्षर प्रबंधन की ओर से कंपनी के वीपी विशाल बादशाह, सीएचआरओ सीताराम कांडी, प्लांट हेड सुनील कुमार तिवारी, एचआर हेड प्रणय कुमार और ईआर हेड सौमिक राय जबकि यूनियन की ओर से अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह और अन्य पदाधिकारियों ने किया.
375 कर्मचारियों का होगा स्थायीकरण
टाटा मोटर्स में बोनस के साथ ही स्थायीकरण की परम्परा है. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने बताया कि बोनस के साथ ही हम इस बार 375 बाई सिक्स कर्मियों का स्थायीकरण भी करा रहे हैं. इसमें चरणबद्ध तरीके से स्थायी हो रहे 225 बाई सिक्सकर्मियों के अलावा 150 अतिरिक्त है. बकौल सिंह, हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द टेम्पोरेरी पूल खत्म हो. पिछले जून माह तक 2700 बाई सिक्स में से 1675 कर्मियों का स्थायीकरण हो चुका था और 1050 बाई सिक्सकर्मी बचे हैं. इसमें से 375 का इस बार स्थायीकरण हो रहा है. ऐसे में अब केवल 650 बाई सिक्स कर्मी बच जाएंगे, जो अगले साल जून के पहले स्थायी हो जाएंगे. इस तरह टाटा मोटर्स में टेम्पोरेरी युग का समापन हो जाएगा और बाई सिक्स जैसे टर्म गुमनामी में खो जाएंगे. उल्लेखनीय है कि टाटा मोटर्स में हाई कोर्ट के आदेश के आलोक में गत 25 जनवरी 2024 को हुए त्रिपक्षीय समझौते के तहत चरण बद्ध तरीके से स्थायीकरण की प्रक्रिया चल रही है.
समझौते में 148 टीएमएसटी और एफटीए का भी नियोजन
इस समझौते के तहत ट्रेनिंग करके बैठे 148 टीएमएसटी और एफटीए का भी नियोजन होगा. महामंत्री आरके सिंह ने बताया कि इस नियोजन के साथ ही कंपनी में टीएमएसटी के युग का भी समापन हो जाएगा. अब कंपनी में इंट्री केवल फूल टाइम अप्रेंटिंस से ही होगी. उन्होंने बताया कि इन 148 कर्मियों को कंपनी में काम के साथ ही तीन साल का डिप्लोमा कराया जाएगा. इस डिप्लोमा कोर्स के लिए कंपनी ने अरका जैन यूनिवर्सिटी के साथ समझौता कर रखा है. महामंत्री ने बताया कि डिप्लोमा करने के लिए कर्मचारी को एक पैसा भी नहीं देना होगा. वे डिप्लोमा कर चाहे तो सुपरवाइजर (व्हाइट कॉलर जॉब) भी बन सकते हैं. नहीं तो वे ब्लू कॉलर जॉब (कर्मचारी) में ही रह सकते हैं. यूनियन ने प्रबंधन के साथ यह समझौता किया है कि अगर ये कर्मी चाहे तो डिप्लोमा के बाद बीटेक और एमबीए कर अधिकारी बन सकते हैं. वे काम के साथ यह डिग्री ले सकते हैं और उन्हें इसके लिए एक पैसा भी नहीं देना होगा.
हम केवल बोनस की राशि पर समझौता नहीं करते-महामंत्री
यूनियन कार्यालय पहुंच कर महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि यह यूनियन सबको ध्यान में रखकर बोनस करती है. शहर की अन्य कंपनियों में सिर्फ रकम को लेकर बोनस समझौता होता है, लेकिन हमारे यहां स्थायीकरण से लेकर अन्य मुद्दों पर भी सहमति बनानी होती है. उन्होंने मजदूरों से बोनस की रकम का सदुपयोग करने की अपील की. अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद ने कहा कि विगत तीन माह से हम लोग बोनस को लेकर रणनीति बनाने में लगे थे. आज चिंता खत्म हुई. सबों का साथ मिला.
टीएमएसटी, अप्रेंटिंस और बाई सिक्स कर्मियों का स्थायीकरण बहुत बड़ी उपलब्धि-प्रवीण सिंह
यूनियन सलाहकार प्रवीण सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा से पहले यूनियन के लिए परीक्षा की घड़ी होती है. रकम को लेकर बोनस समझौता से कहीं महत्वपूर्ण है टीएमएसटी ,अप्रेंटिस एवं बाई सिक्स कर्मचारियों का परमानेंट होना. इस बार बोनस में बड़ी उपलब्धि हुई है. आगे भी बड़ा काम होना है. आप सब नेतृत्व पर ऐसे ही भरोसा बनाए रखें.
बोनस के बाद रंग-गुलाल उड़े
बोनस समझौता के बाद टाटा मोटर्स मेन गेट से सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी गाजे-बाजे के साथ अध्यक्ष और महामंत्री को फूल माला पहना कर अबीर गुलाल लगाया. यूनियन पदाधिकारी यूनियन कार्यालय तक जुलूस के रूप में पहुंचे. सभी कर्मचारियों विशेष कर वैसे लोग जिनका स्थायीकरण हुआ है या जिनके लिए डिप्लोमा प्रोग्राम सुनिश्चित हुआ है काफी जोश के साथ अध्यक्ष और महामंत्री स्वागत किए.
टाटा मोटर्स में किस साल कितना बोनस
साल बोनस प्रतिशत स्थायीकरण
2025 12.3 375
2024 11.0 450
2023 10.1 355
2022 10.6 352
2021 10.6 281
2020 10.0 221
2019 12.9 306
2018 12.2 305
2017 10.0 301
2016 12.0 250
2015 10.0 321
2014 10.5 250
2013 13.3 250
2012 17.0 150

