
उदित वाणी, जमशेदपुर : प्रगतिशील मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को रेलवे इन्स्टीट्यूट के सचिव आर.बी. राय के नेतृत्व में क्षेत्रीय प्रबंधक समीर सौरभ से मिला. प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे इन्स्टीट्यूट को मॉडल इन्स्टीट्यूट बनाने में सहयोग देने की मांग रखी. इस दौरान ओबीसी रेलवे कर्मचारी संघ के सचिव मुंद्रिका प्रसाद ने संगठन की ओर से क्षेत्रीय प्रबंधक को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया और रेलवे कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया.
उन्होंने स्टेशन परिसर में पार्किंग दरों में की गई बढ़ोतरी तथा ड्रॉपिंग यार्ड में प्रवेश को लेकर कर्मचारियों के साथ पार्किंग कर्मियों द्वारा किए जा रहे दुर्व्यवहार की शिकायत की. इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक ने कहा कि यह मामला वरीय मंडल प्रबंधक के विचाराधीन है और शीघ्र निर्णय लिया जाएगा.
इसी क्रम में अनुसूचित जाति/जनजाति रेलवे कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने टाटानगर की मॉडल रेल कॉलोनी बागबेड़ा में साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था की खराब स्थिति पर चिंता जताई. उन्होंने बताया कि गंदगी और लापरवाहियों के कारण कॉलोनी का माहौल बिगड़ता जा रहा है. इस पर क्षेत्रीय प्रबंधक ने आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही वरीय अधिकारियों से बात कर कॉलोनी में बेहतर माहौल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे.
प्रतिनिधिमंडल में सागर प्रसाद, मिथिलेश रजक, गोपाल कर, प्रकाश यादव, मुंद्रिका प्रसाद, बिमल रजक, शिशिर सिंकू, जगजीवन राम और सतेंद्र दास समेत कई सदस्य उपस्थित थे.

