
उदित वाणी, लाातेहार: लाातेहार जिले के बरियातू प्रखंड स्थित बालिका आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। इस घटना में हॉल नंबर 5 में रखे सभी बेड और सामान जलकर राख हो गए, लेकिन सौभाग्य से सभी 200 से अधिक छात्राएं सुरक्षित हैं।
आग लगने की घटना उस वक्त हुई जब छात्राएं पीटी के लिए मैदान में गई थीं। स्थानीय लोग और छात्राओं ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कमरे का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। विद्यालय पुराने भवन में संचालित हो रहा है और नया भवन पिछले पांच वर्षों से निर्माणाधीन है। जर्जर तारों और जगह की कमी को भी इस हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा, “हम पूरे भवन में बिजली के कनेक्शन की जांच कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो।” छात्राओं के लिए वैकल्पिक ठहरने की व्यवस्था की जा रही है.

