
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना पुलिस ने शनिवार की दोपहर पांडेय घाट के पास छापेमारी कर लोहे का चैनल और रॉड लदे एक टेंपो के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गश्ती के दौरान टेंपो को रोककर जांच की गई। इस दौरान उसमें लदे सामान के बारे में जब पूछताछ हुई, तो चालक और उसके साथी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। संदेह गहराने पर दोनों को हिरासत में लिया गया और थाना लाया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में एएसआई शंकर ठाकुर के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार युवकों की पहचान उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई निवासी वरुण शर्मा और ह्यूमपाइप छायानगर निवासी सावन राम के रूप में की गई है। पुलिस ने मौके से टेंपो को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपी यह नहीं बता सके कि लोहे का चैनल और रॉड कहां से लाया गया और किसे बेचने की योजना थी। पुलिस को आशंका है कि जब्त किया गया लोहा चोरी का माल हो सकता है। फिलहाल आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे रैकेट का खुलासा किया जा सके।
थाना पुलिस ने बताया कि बरामद लोहा कहां से आया, किसने सप्लाई किया और संभावित खरीदार कौन था, इन सभी पहलुओं पर जांच चल रही है। वहीं टेंपो मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।
इधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि थाना क्षेत्र में चोरी-छुपे माल की ढुलाई पर सख्ती से नजर रखी जा रही है। हाल के दिनों में इस तरह की घटनाओं में वृद्धि देखी गई है, जिसे रोकने के लिए गश्ती और निगरानी और बढ़ाई जाएगी।

