
उदित वाणी, मधुबनी: मधेपुर थाना क्षेत्र के भखराईन गांव में शनिवार सुबह एक नवविवाहित महिला का शव संदिग्ध हालात में बरामद हुआ। मृतका की पहचान मुखिया रमन जी की पत्नी असमिती कुमारी (उम्र 22) के रूप में हुई है, जिनकी शादी मात्र पांच महीने पहले हुई थी। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात असमिती का अपने पति से फोन पर विवाद हुआ था। सास का कहना है कि विवाद के दौरान असमिती ने आत्महत्या करने की बात कही थी। सुबह जब दरवाजा खोला गया तो वह मृत अवस्था में मिलीं। बताया गया कि असमिती कुछ दिनों से बीमार थीं और निजी डॉक्टर से उनका इलाज चल रहा था।
मृतका के पिता सिया चरण मुखिया ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शादी के बाद से उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। रक्षाबंधन के दिन वह मायके आई थीं और शिकायत भी की थी। उन्हें मौत की जानकारी ग्रामीणों के फोन से मिली।
घटना की सूचना पर मधेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानेदार अमित कुमार चौरसिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

