
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है। पहली घटना मानगो थाना क्षेत्र के स्मार्ट बाजार में 27 जुलाई को घटी, जहां चोर ने दुकान में सेंधमारी कर चोरी की। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी जियोतिरमेय विश्वास के रूप में हुई है। इस संबंध में मानगो मरीन सिटी बी ब्लॉक निवासी प्रियदर्शी कर के बयान पर थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
दूसरी घटना एमजीएम थाना क्षेत्र के मुखियाडांगा की है, जहां 9 अगस्त को आशुतोष कुंवर के बंद घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की। आशुतोष ने बताया कि वे घटना के समय परिवार सहित बाहर गए थे। वापस आने से पहले ही उन्हें चोरी की सूचना मिली। इसके बाद 13 अगस्त को उन्होंने एमजीएम थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
दोनों ही मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मानगो पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है, वहीं एमजीएम पुलिस चोरी की घटना में शामिल अपराधियों की पहचान के लिए आस-पास के इलाके में पूछताछ कर रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोग चिंतित हैं और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

