
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने शहीद खुदीराम बोस के शहादत दिवस के मौके पर आज सुभाष कॉलोनी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर अपने विचार व्यक्त किए।
जिलाध्यक्ष दुबे ने शहीद खुदीराम बोस के जीवन और बलिदान पर चर्चा करते हुए कहा कि उनका जन्म 1889 में बंगाल के मिदनापुर जिले में हुआ था। खुदीराम बोस ने देश को आज़ादी दिलाने के लिए 1905 में बंगाल विभाजन के बाद क्रांतिकारी गतिविधियों में भाग लिया। उन्हें प्रफुल्ल चंद्र चाकी का साथ मिला, और दोनों ने मिलकर किंग्सफोर्ड को मारने की योजना बनाई। एक अवसर पर किंग्सफोर्ड पर बम फेंका, लेकिन वह मौके पर नहीं थे, जिससे अंग्रेजों ने उन्हें और चाकी को घेर लिया। फूलचंद चाकी ने खुद को गोली मार ली और शहीद हो गए, जबकि खुदीराम बोस को गिरफ्तार कर मुजफ्फरपुर जेल में बंद कर दिया गया। वहां उन्होंने हंसते-हंसते फांसी को गले लगाया।
दुबे ने आगे कहा, “खुदीराम बोस जैसे महान क्रांतिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए हम सभी को उनकी संघर्षशील भावना और देश के लिए उनके बलिदान को याद रखना चाहिए, जिनकी प्रेरणा से आज़ादी के लिए हजारों नौजवानों ने अपनी जान न्योछावर की।”
इस श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश सचिव सामंता कुमार, अंसार खान, आनंद मय पात्रा, रविशंकर के.पी., निखिल कुमार, इंतिखाब वास्ती सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

