
उदित वाणी, जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले में यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को नीमडीह और तिरुलडीह थाना क्षेत्रों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसमें तीन मोटरसाइकिल जब्त की गईं। नीमडीह थाना क्षेत्र के ग्राम बान्दू और परगामा पंचायत भवन के पास एन्टी क्राइम एवं एन्टी रेस ड्राइविंग चेकिंग के दौरान एक मोडिफाइड बाइक पकड़ी गई। थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि वाहन मालिक के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, तिरुलडीह थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र सड़क सुरक्षा और दुर्घटना नियंत्रण अभियान के तहत दो बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल जब्त की गईं। थाना प्रभारी अविनाश कुमार साही ने कहा कि दोनों चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और यह जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि मोडिफाइड साइलेंसर, अवैध रेसिंग और बिना नम्बर प्लेट वाहन चलाने वालों पर अब किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। यातायात नियम तोड़ने वालों को सीधे जुर्माना, जब्ती और मुकदमे का सामना करना पड़ेगा।

