
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा में बीते तीन महीनों से लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहे एक प्रेमी जोड़े ने दुखद अंत कर लिया. दोनों ने एक ही पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. बुधवार की सुबह सूचना मिलने पर पटमदा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लिया. पुलिस ने युवक के परिजनों से पूछताछ कर शवों का पंचनामा तैयार किया और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया.
आत्महत्या की वजह मानसिक तनाव
यह हृदय विदारक घटना पटमदा थाना क्षेत्र के पोकलाबेड़ा गांव के पास हुई. गांव से लगभग 300 मीटर दूर जंगल में एक नीम के पेड़ पर दोनों के शव अलग-अलग दुपट्टों के सहारे लटके पाए गए. शवों से आ रही दुर्गंध से अनुमान लगाया जा रहा है कि यह घटना दो दिन पहले की हो सकती है. पुलिस ने दोनों शवों की पहचान कर ली है. युवक पोकलाबेड़ा गांव के जामिनी सिंह के पुत्र देवेंद्र नाथ सिंह हैं, जबकि महिला गाड़ीग्राम की रहने वाली चंदन सिंह की पूर्व पत्नी बासंती सिंह है. बासंती अपनी तीन साल की बेटी को छोड़कर जामिनी के साथ जमशेदपुर के संकोसाई इलाके में मजदूरी कर रही थी.
स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक जामिनी सिंह छेड़खानी के एक मामले में जेल जा चुका था और करीब एक साल पहले ही जेल से बाहर आया था. जेल से निकलने के बाद ही वह बासंती के संपर्क में आया था.
परिवार ने नहीं अपनाया, इसलिए लिया ये कदम
स्थानीय लोगों का कहना है कि जामिनी के परिवार ने बासंती को स्वीकार नहीं किया था, जिससे दोनों मानसिक तनाव में रहने लगे थे. संभवतः यही उनके इस भयानक कदम की वजह बनी. हालांकि, पुलिस अन्य सभी पहलुओं पर भी जांच कर रही है. मृतक युवक के चाचा महेश्वर सिंह ने बताया कि जामिनी तीन महीने पहले ही घर छोड़कर जमशेदपुर चला गया था. वहीं, मृतका के पूर्व पति चंदन सिंह ने बताया कि उसने समझौते का प्रयास किया था, लेकिन बासंती ने जामिनी के साथ ही रहने का फैसला किया था.

