
उदित वाणी, जमशेदपुर: महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से फेसबुक कम्युनिटी “श्रेष्ठा – द मैजिक वर्ल्ड” (एडमिन: श्रीरुपा पॉल एवं सुस्मिता दत्ता) और स्वतंत्र प्लेटफॉर्म “फ्लॉवर्स 4यू” (एडमिन: कौशिक चटर्जी) ने मिलकर एक महत्वपूर्ण पहल की है। ये दोनों संगठन वर्षों से जरूरतमंद महिलाओं के उत्थान और सहायता के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सक्रिय रूप से कार्यरत हैं।
इसी पहल के तहत, संयुक्त रूप से आयोजित “शरोद सांभर” नामक तीन दिवसीय लाइफस्टाइल एवं फैशन एग्जीबिशन का आयोजन 8 से 10 अगस्त 2025 तक साकची स्थित बंगाल क्लब में होगा। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक आगंतुकों के लिए खुली रहेगी।
इस प्रदर्शनी की खासियत यह है कि इसमें कुल 26 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां कोलकाता की महिला उद्यमी अपने हाथों से बने और स्वयं डिजाइन किए गए उत्पादों का प्रदर्शन व बिक्री करेंगी। प्रदर्शित वस्तुओं में हैंडक्राफ्टेड ज्वेलरी, आकर्षक परिधान, होम डेकोर आइटम्स, लाइफस्टाइल प्रोडक्ट्स समेत कई विशेष चीजें शामिल होंगी।
इसके अतिरिक्त, इस बार प्रदर्शनी में एक विशेष आकर्षण के रूप में पहली बार सुंदरबन से कोलकाता के विभिन्न प्रकार के मीठे, दही, मधु और घी उपलब्ध रहेंगे, जिन्हें लोग मौके पर खरीद सकेंगे। इससे न केवल स्थानीय लोगों को नए स्वाद का अनुभव मिलेगा, बल्कि सांस्कृतिक विविधता का भी परिचय होगा।
प्रेस वार्ता के दौरान श्रेष्ठा और फ्लॉवर्स 4यू के आयोजक श्रीरूपा पॉल, सुष्मिता दत्ता और कौशिक चटर्जी ने बताया कि इस आयोजन में हर दिन लक्की ड्रॉ का भी आयोजन होगा, जिसके माध्यम से विजेताओं को विशेष उपहार प्रदान किए जाएंगे।
आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। यह मंच महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों और कौशल को बड़े स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर देता है।
स्थानीय समुदाय से अपील की गई है कि वे इस प्रदर्शनी में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महिला उद्यमियों का हौसला बढ़ाएं और इस पहल को सफल बनाएं।
यह संयुक्त प्रयास महिलाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक उत्थान और आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

