
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजमदा गुरुद्वारा में रखी दान-पेटी से 2-3 अगस्त की रात करीब 10-12 हजार रुपये चोरी होने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गुरुद्वारा के सचिव रविन्द्र सिंह ने मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर परसुडीह थाना में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 5 अगस्त को सोपोडेरा निवासी शिया मुंडा (23), पिता सोनु मुंडा को उसके घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने गुरुद्वारा की दान-पेटी से चोरी की बात स्वीकार की और बताया कि चोरी की गई राशि में से 5-6 हजार रुपये खर्च कर चुका है। उसकी निशानदेही पर शेष 4,168 रुपये नगद और एक स्टील जैसी कृपाण बरामद की गई। बरामद नगदी में 10 रुपये के 175 सिक्के (1,750 रुपये), 5 रुपये के 226 सिक्के (1,130 रुपये), 2 रुपये के 495 सिक्के (990 रुपये) और 1 रुपये के 298 सिक्के (298 रुपये) शामिल हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि शिया मुंडा का आपराधिक इतिहास है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

