
उदित वाणी जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी इलाके से 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपहरण का मामला सामने आया है। यह घटना 19 जुलाई की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, शाम के समय लड़की अचानक घर से लापता हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर 2 अगस्त को परिजन परसुडीह थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने आसपास के इलाकों के साथ-साथ रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी बेटी की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। थक-हारकर उन्होंने पुलिस की मदद ली।
शिकायत दर्ज होने के बाद परसुडीह पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामला संवेदनशील है और पुलिस टीम लगातार जांच में जुटी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के बारे में कुछ सुराग मिले हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने यह भी आश्वस्त किया है कि नाबालिग को सुरक्षित बरामद करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के मामलों से इलाकों में डर का माहौल बन जाता है। उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
परिवार इस वक्त बेहद परेशान है और बेटी की सकुशल वापसी की उम्मीद कर रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस मामले से संबंधित कोई जानकारी हो, तो तुरंत थाने को सूचित करें।
