
उदितवाणी, कोलाबीरा : गम्हरिया थाना पुलिस ने यशपुर गांव में एक घर में अवैध रूप से संचालित नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस को बड़ी मात्रा में शराब से जुड़ी सामग्री और उपकरण बरामद हुए हैं.
बीयर की बोतलें और शराब के ड्रम मिले पैकिंग की तैयारी में
बादल मंडल के घर पर छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी संख्या में बीयर और विदेशी शराब की खाली बोतलें कार्टनों में पैक की गई अवस्था में मिलीं. साथ ही शराब बनाने में प्रयुक्त स्प्रिट के दो ड्रम बरामद किए गए, जिनमें करीब 400 लीटर स्प्रिट भरा हुआ था. उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.
कई ब्रांड की बोतलें जब्त, मुकदमा दर्ज
पुलिस ने घटनास्थल से विभिन्न ब्रांड की खाली शराब की बोतलें बरामद कीं. इनमें शामिल हैं:
मैकडॉवेल्स अंकित 336 पीस (375 मि.ली.) और 750 पीस (180 मि.ली.)
रॉयल स्टैग अंकित 72 पीस (375 मि.ली.) और 135 पीस (180 मि.ली.)
इकोनिक अंकित 96 पीस (375 मि.ली.)
गैर-अंकित विदेशी शराब की बोतलें: 96 पीस (375 मि.ली.) और 144 पीस (180 मि.ली.)
किंगफिशर बीयर: 16 पीस (650 मि.ली.) कुल 10.4 लीटर और 36 पीस (650 मि.ली.) कुल 23.4 लीटर
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
बादल मंडल के खिलाफ गम्हरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. फिलहाल पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

