
उदित वाणी, आदित्यपुर: आदित्यपुर ऑटो कलस्टर परिसर में 02 अगस्त 2025 को प्रातः 10 बजे से संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह-सह-आकांक्षा हाट-2025 कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम सरायकेला-खरसावाँ जिला प्रशासन द्वारा आहूत किया गया है, जिसमें सरायकेला, गम्हरिया और कुकड़ू प्रखंडों में विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नवाचारों और जनसहभागिता से प्राप्त उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं को सम्मानित भी किया जाएगा, जिसमें प्रखंड स्तर पर उल्लेखनीय कार्य करने वाले फ्रंट लाइन वर्कर्स, पंचायत प्रतिनिधि, महिला स्वयं सहायता समूहों, लाभुकों और विभिन्न विभागीय टीमों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान समारोह अन्य लोगों को प्रेरणा देने का कार्य करेगा।
इसके अलावा, आकांक्षा हाट का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों द्वारा उत्पादित सामग्रियों की प्रदर्शनी और बिक्री की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, स्वच्छता, जल प्रबंधन, वित्तीय समावेशन और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजनाओं की प्रगति को रेखांकित करने हेतु विभागवार प्रदर्शनियाँ भी लगाई जाएंगी।

