
उदित वाणी, चांडिल: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत चांडिल बाजार से होकर गुजरने वाले टाटा–पुरुलिया मुख्य मार्ग (एनएच-32) पर आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी। भारी वाहनों के कारण लगने वाले जाम से दुकानदारों और आम राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय नागरिकों द्वारा इस समस्या को कई बार जनप्रतिनिधियों के समक्ष उठाया गया। इसके बाद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह स्थानीय सांसद श्री संजय सेठ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्माणाधीन चांडिल बायपास सड़क को शीघ्र चालू करने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए संवेदक (ठेकेदार) को निर्देशित किया था।
गौरतलब है कि घोड़नेगी चौक से पितकी तक बनने वाली इस नई सड़क के निर्माण में गांगुडीह और भालुकोचा के बीच ऊँचे बिजली के तार (हाईटेंशन लाइन) एक बड़ी अड़चन बनकर सामने आए थे। मंत्री के निर्देश पर इन तारों को निर्धारित ऊंचाई पर स्थानांतरित किया गया, जिसके बाद सड़क के समतलीकरण और मिट्टी भराई का काम पूरा कर पक्कीकरण का कार्य शुरू किया गया।
हालांकि लगातार हो रही बारिश के कारण बीते एक माह से निर्माण कार्य बाधित रहा, लेकिन अब मौसम अनुकूल होते ही निर्माण कार्य तेज़ी से युद्धस्तर पर जारी है।
भाजपा जिला मीडिया सह प्रभारी दिवाकर सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी कि 27 जुलाई 2025, रविवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ चांडिल वासियों को इस बहुप्रतीक्षित सड़क की सौगात देंगे। वे घोड़नेगी चौक से पितकी तक नव निर्मित एनएच-32 बायपास सड़क का लोकार्पण करेंगे। इस सड़क के शुरू होने से चांडिल और आसपास के लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलेगी और यात्री निर्बाध रूप से इस मार्ग से यात्रा कर सकेंगे। यह बायपास न केवल झारखंड को पश्चिम बंगाल और बिहार से जोड़ता है, बल्कि कांवर यात्रा के दौरान यह मार्ग झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी एक प्रमुख मार्ग है। सड़क खुलने की खबर से चांडिलवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल है।

