
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित नेचर पार्क में उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक युवक ने पार्क में टहल रहे एक छात्र से मोबाइल छीन लिया और भागने लगा. यह घटना दोपहर के समय की बताई जा रही है, जब पार्क में दर्जनों छात्र-छात्राएं घूमने आए हुए थे.
घटना के तुरंत बाद पीड़ित छात्र के साथ मौजूद अन्य छात्रों ने सतर्कता दिखाते हुए युवक का पीछा शुरू किया. कुछ दूरी तक दौड़ने के बाद आरोपी को पुरुलिया रोड नंबर-7 के पास घेरकर पकड़ लिया गया. पकड़े जाने के बाद युवक ने छात्रों से कहा कि वह मोबाइल नेचर पार्क में ही गिरा आया है और वह उन्हें वहीं ले जाकर मोबाइल लौटा देगा.
छात्रों ने उसकी बात पर भरोसा कर उसे दोबारा पार्क में ले जाकर खोजबीन शुरू की, लेकिन काफी तलाश के बाद भी मोबाइल नहीं मिला. इस पर छात्रों और वहां मौजूद अन्य लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और भीड़ ने युवक की जमकर पिटाई कर दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को दो-तीन बार मौके से भागने की कोशिश करते भी देखा गया, लेकिन हर बार लोगों ने उसे पकड़ लिया.
स्थानीय लोगों ने युवक को पहचानते हुए बताया कि वह पहले भी क्षेत्र में छिनतई और चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है. कुछ लोगों ने तो यह भी दावा किया कि उन्होंने उसे कई बार संदिग्ध हालत में मोहल्ले के आसपास घूमते देखा है.
सूचना मिलने के बाद आज़ाद नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और युवक को भीड़ से बचाते हुए हिरासत में ले लिया. पूछताछ में युवक ने बताया कि वह जवाहर नगर रोड नंबर 14 का रहने वाला है और पहले भी पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है. पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है और युवक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि मोबाइल की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं और पीड़ित छात्र की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है. थानेदार ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों को रोका जा सके.
