
उदित वाणी, जमशेदपुर : विश्व सर्प दिवस के अवसर पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस द्वारा केंद्रीयकृत कर्षण मरम्मत कारखाना (सीटीआरसी) के सभागार में मंगलवार को एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर कर्मचारियों को सांपों के प्रति जागरूक किया गया तथा उनसे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के साथ-साथ उनके संरक्षण और पारिस्थितिक महत्व को समझाया गया.
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रिक लोको शेड और सीटीआरसी की भौगोलिक स्थिति गोलपहाड़ी क्षेत्र की तराई में है, जिससे यहां अक्सर विभिन्न प्रकार के सांप प्रवेश कर जाते हैं. कर्मचारियों को विषैले और विषहीन सांपों की पहचान, सर्पदंश के लक्षण, प्राथमिक उपचार की विधियां और एंटीवेनम की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई.

इंस्पेक्टर कुमार ने बताया कि इस क्षेत्र में आमतौर पर अजगर, घामन, दोमुंहा जैसे विषहीन और करैत, कोबरा, रसेल वाइपर जैसे विषैले सांप पाए जाते हैं, जो भोजन की तलाश में परिसर में घुस आते हैं. उन्होंने कहा कि अक्सर लोग विषहीन सांप को देखकर भी डर जाते हैं और भय के कारण ही मौतें ज्यादा होती हैं. इसीलिए सांपों को न मारने, बल्कि सुरक्षित तरीके से हटाने और संरक्षण की सीख दी गई.
कार्यक्रम में सर्पदंश के बाद चार घंटे के अंदर एंटीवेनम लेने की सलाह दी गई, साथ ही झाड़-फूंक जैसे अंधविश्वासों से बचने की शिक्षा दी गई. सर्पदंश की स्थिति में प्राथमिक चिकित्सा कैसे दी जाए, इसकी भी व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई.

प्रशिक्षण शिविर के दौरान टेलीफिल्म के माध्यम से चौक-चौराहों में पाये जाने वाले रैबीज संक्रमित आवारा कुत्तों की पहचान व उनसे बचाव के उपाय भी सिखाए गए.
इस अवसर पर डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह, शंकर प्रसाद, सत्यप्रकाश, सरस्वती मूर्मू, पार्वती मूर्मू समेत कई सिविल डिफेंस कर्मी उपस्थित थे. वहीं कारखाना की ओर से सहायक मंडल विद्युत अभियंता ए.के. नंदी, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (सामान्य) एन.बी. सिंह, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (व्हील शॉप) निलेश कुमार, इंदर कुमार, राजीव नयन, सुशील कुमार, ए.के. सिंह, सीमा कुमारी, दीपा घोष, नीलम शर्मा, पार्वती मूर्मू, बैरिस्ट कुमार, शिव पूजन सिंह, एस.के. नायक, रमेश मिश्रा, मिश्रो तांती, एम. विजय कुमार, सूरज, बादल और अन्य रेलकर्मी भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे. कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ अनुभाग अभियंता एन.बी. सिंह ने किया.

