
उदित वाणी, चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत फदलोगोड़ा स्थित टाटा हाइवे होटल के पीछे सोमवार सुबह एक युवक का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव होटल के पीछे जलजमाव वाले क्षेत्र में पानी में उतराया हुआ पाया गया.
स्थानीय लोगों ने जब शव को देखा, तो तुरंत चांडिल थाना पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, होटल के पीछे कई दिनों से भारी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जिसमें यह शव मिला है. मृतक की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम प्रखंड निवासी युवक के रूप में की गई है.
फिलहाल मृत्यु के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.

