
उदित वाणी, जमशेदपुर : यात्री ट्रेनों में मोबाइल चोरी की घटनाएं अब आम बात हो गई हैं, लेकिन इस बार एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. एक युवक ने ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्री से मोबाइल छीना और फिर चलती ट्रेन से कूद गया. यह सनसनीखेज घटना टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास हुई, जिसके बाद रेल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा.
पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रकाश दास उर्फ दिग्गी के रूप में हुई है. रेलवे पुलिस के अनुसार, प्रकाश दास को आदित्यपुर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या चार से आरपीएफ और चक्रधरपुर रेल मंडल की उड़नदस्ता टीम ने संयुक्त रूप से गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जो हाल ही में एक यात्री से छीना गया था.
पूछताछ के दौरान यह खुलासा हुआ कि प्रकाश दास एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ टाटानगर रेल थाना में पहले से ही सात आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें अधिकतर मामले मोबाइल छिनतई और यात्रियों के सामान की चोरी से संबंधित हैं. पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी.
रेल पुलिस ने बताया कि वह अक्सर ट्रेनों में सवार हो यात्रियों को निशाना बनाता था और फिर चलती ट्रेन से छलांग लगाकर फरार हो जाता था. प्रकाश के गिरफ़्तार होने से रेल यात्रियों के बीच राहत का माहौल है. रेलवे पुलिस अब उससे जुड़े पुराने मामलों की भी जांच कर रही है. अधिकारी उम्मीद जता रहे हैं कि पूछताछ में कई और चोरियों का राज खुल सकता है.

