
उदित वाणी, पटमदा : पटमदा थाना क्षेत्र के बिड़रा गांव में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे में 39 वर्षीय सत्यजीत कालिंदी की सर्पदंश से मौत हो गई. इलाज के दौरान सोमवार सुबह माचा सीएचसी में उसने अंतिम सांस ली. घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई.
रात में सोते समय काटा ज़हरीले सांप ने
जानकारी के अनुसार, सत्यजीत कालिंदी अपने घर में ज़मीन पर सो रहा था. उसी दौरान चित्ती प्रजाति के ज़हरीले सांप ने उसे डस लिया. देर रात करीब 4 बजे जब उसे शरीर में असहजता महसूस हुई, तो उसने अपनी पत्नी दुलाली कालिंदी को जगाकर बताया.
अस्पताल में इलाज के बावजूद नहीं बची जान
सुबह होते ही परिजन उसे लेकर माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने उसे दो इंजेक्शन लगाए. लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और सुबह 9 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया. इसके बाद शव को एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद देर शाम उसका अंतिम संस्कार गांव में किया गया.
पीड़ित परिवार की माली हालत चिंताजनक
सत्यजीत कालिंदी भिक्षाटन कर परिवार का पालन-पोषण करता था. उसके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटियां – ममता कालिंदी और लेली कालिंदी हैं. घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
झामुमो नेताओं ने दिया सहायता का भरोसा
घटना की सूचना पर अस्पताल में झामुमो नेता बाबलू रूहिदास, तपन कुमार महतो, आदित्य कालिंदी, अजीत कालिंदी और अनिल कालिंदी उपस्थित रहे. बाबलू रूहिदास ने पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन विभाग से 4 लाख रुपये मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया है.

