
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजाद नगर थाना क्षेत्र में एक पिकअप वाहन के मालिक इरशाद आलम पर उसी के ड्राइवर और उसके साथियों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. घटना का कारण वाहन के मासिक किराये को लेकर विवाद और बैटरी चोरी बताया जा रहा है. इरशाद आलम के मुताबिक, उन्होंने अपना पिकअप वाहन चाइना राजू नामक ड्राइवर को 10 हजार रुपये मासिक किराये पर चलाने के लिए दिया था.
बीते एक महीने से किराया न मिलने और गाड़ी की बैटरी गायब हो जाने के बाद जब इरशाद ने ड्राइवर से इस बारे में बात की, तो उसने पारडीह चौक के पास बुलाकर उस पर हमला कर दिया.
घटना के वक्त चाइना राजू अपने कुछ साथियों के साथ मौजूद था. आरोप है कि उन्होंने इरशाद को चारों ओर से घेर लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की. इस दौरान उसके कान पर बांस जैसी किसी कठोर चीज़ से वार भी किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल इरशाद को मौके से उसके साथी मोहम्मद मुराद खान ने अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना परिजनों को दी. इसके बाद इरशाद ने पूरे मामले की लिखित शिकायत आजाद नगर थाना में दर्ज करवाई है.
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. फिलहाल घायल इरशाद आलम का इलाज अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

