
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना अंतर्गत बजरंगी बागान क्षेत्र में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 16 वर्षीय किशोर ऋतुराज सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.
मृतक के पिता ने बताया कि वे अपनी पत्नी को ट्रेन पकड़वाने स्टेशन छोड़ने गए हुए थे. जब वे वापस लौटे तो देखा कि घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था. आवाज़ देने पर भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. आशंका होने पर वे छत के रास्ते से घर के भीतर झांके तो देखा कि उनका बेटा कमरे में पंखे से लटका हुआ है. आनन-फानन में उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा और बेटे को फंदे से नीचे उतारा.
इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद ऋतुराज को मृत घोषित कर दिया. सूचना पाकर टेल्को थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया.
पुलिस मामले की जांच में जुटी है. प्रारंभिक पूछताछ में किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है. आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस पारिवारिक और व्यक्तिगत कारणों की भी जांच कर रही है.
उल्लेखनीय है कि ऋतुराज सिंह महज 16 वर्ष का था और स्थानीय स्कूल में पढ़ाई करता था. उसकी असामयिक मौत से पूरा मोहल्ला स्तब्ध है. स्थानीय लोग परिवार को ढाढ़स बंधाने में लगे हैं.

