
उदित वाणी, रांची : नीति आयोग द्वारा देश के 112 आकांक्षी जिलों की मार्च 2025 की डेल्टा रैंकिंग के अनुसार चतरा जिला को उल्लेखनीय प्रदर्शन के लिए प्रथम स्थान दिया गया है और शीर्ष प्रदर्शन करने वाले इस जिले को नीति आयोग द्वारा 10 करोड़ रूपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी. इसके अलावा गढ़वा जिले को शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन परफॉमेंस के लिए भी चुना गया है. नीति आयोग द्वारा शुक्रवार को ऑनलाइन बैठक के माध्यम से उक्त जानकारी साझा की है. जिसमें बताया गया है कि चतरा जिले की बहुआयामी प्रगति बिशेषकर स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, वित्तीय समावेशन तथा बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में किये गये कार्यों को सराहा गया.
जिले को यह उपलब्धि जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के संयुक्त प्रयासों, नवाचारों तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की वजह से हासिल हुआ है. जिसमें निवर्तमान डीसी रहे रमेश घोलप की सराहनीय भूमिका रही है. वहीं इस उपलब्धि पर वर्तमान उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने जिले की पूरी प्रशासनिक टीम, विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और जनता को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान जिले के लिए गर्व का बिषय है और हम सभी मिलकर इसे बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
