
उदित वाणी, रांची : केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह 10 जुलाई को रांची आयेंगे. शाह यहां पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे. केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा इसकी आधिकारिक सूचना राज्य सरकार को दे दी गई है. बैठक में झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल व उड़ीसा के मुख्यमंत्रियों को भी शामिल होने के लिए कहा गया है. ज्ञात हो कि पिछली बार 10 मई को रांची में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक प्रस्तावित थी. परंतु भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव व युद्ध की स्थिति को देखते हुए बैठक को स्थगित कर दी गयी थी. इधर राज्य सरकार द्वारा पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक को लेकर आईएएस अमिताभ कौशल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है.
गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल ने बैठक की तैयारी को लेकर रांची जोन के आईजी, डीसी, एसपी व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की. जिसमें अमिताभ कौशल को पूरे कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए उनके अधीन एक सेल गठित करने का भी निर्णय लिया गया. जिसके तहत उसमें प्रोटोकॉल, वाहन, खानपान समेत अन्य कार्यों के लिए अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी. एक सप्ताह बाद फिर कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा की जाएगी.

