
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित श्री धर्म सास्था मंदिर (खरकई लिंक रोड) में सोमवार को तमिल समुदाय द्वारा भगवान कार्तिकेय (भगवान सुब्रमण्य) का जन्मोत्सव धूमधाम से मना. यह वैशाखी विशाखम माह के पावन अवसर पर हुआ. पूरे दिन मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठानों का आयोजन हुआ. सुबह 7 बजे से 10:30 बजे तक भगवान कार्तिकेय के चरणों में एकादश रुद्राभिषेक एवं सहस्रनाम (1008 नामों) से अर्चना की गई.
भक्ति भाव से ओतप्रोत इस अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. वहीं शाम को भव्य महादीपाराधना संपन्न हुई, जिसमें आचार्य भक्त सभा के सदस्यों द्वारा भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति ने भक्तों को भावविभोर कर दिया. इसके उपरांत विशेष आरती और प्रसाद वितरण हुआ. कार्यक्रम का संचालन मंदिर के पुजारी आकाश शर्मा और प्रियांशु शर्मा ने विधिपूर्वक कराया. इस अवसर पर मंदिर कमेटी के चेयरमैन पी. एन. शंकरन, अध्यक्ष एन. राममूर्ति एवं सचिव बी. सुब्रमण्यम समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे.

