
रांची: रांची में एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है, जहां चोरी करने आए चोरों ने खुद थाने पहुंचकर ग्रामीणों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. घटना जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र की है. बंगाल के आसनसोल निवासी विजय कुमार नामक युवक ने यह शिकायत दर्ज कराई है कि गांव वालों ने उसे और उसके साथियों को बेरहमी से पीटा, जिससे उसका हाथ टूट गया.
चोरी की योजना बनी, मकान में घुसे, फिर बवाल
विजय कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह और उसके पांच साथी 4 से 5 जून की रात करीब एक बजे एक घर में चोरी करने घुसे थे. उन्होंने अलमारी से सोने की चेन और नकद रुपये निकाले, लेकिन तभी मकान मालिक जाग गया. उसने शोर मचाया, तो आरोपियों ने उसका मुंह दबाने की कोशिश की. जब वह फिर भी चुप नहीं हुआ, तो उसे घर के पास कुएं में डुबोने की कोशिश की गई.
ग्रामीणों ने घेरा, मारपीट कर पकड़ाया
मकान मालिक की आवाज सुनकर गांव वाले भी मौके पर पहुंच गए और चोरों को घेर लिया. विजय कुमार का आरोप है कि ग्रामीणों ने उसे बुरी तरह पीटा, जिससे उसका बायां हाथ टूट गया. उसके तीन अन्य साथी – कमलेश चौहान, पंकज डोम और जान सिंह को भी चोटें आईं, जबकि माडू चौहान और करन चौहान नामक दो आरोपी मौके से फरार हो गए.
चोर बोले- हमारे साथ अन्याय हुआ, ग्रामीणों पर हो कार्रवाई
चोरी के आरोप में गिरफ्तार विजय कुमार ने अब पुलिस से मांग की है कि पिटाई करने वाले ग्रामीणों पर कानूनी कार्रवाई की जाए. उसका कहना है कि घायल होने के बावजूद उन्हें भीड़ ने पुलिस को सौंपा, और उसी दिन (5 जून) उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज भी कर दी गई.
“लुंगी-बनियान गिरोह” की पहचान फिर उजागर
पकड़े गए आरोपी कुख्यात ‘लुंगी-बनियान गिरोह’ के सदस्य बताए जा रहे हैं. ये लोग चोरी के दौरान सिर्फ लुंगी और बनियान पहनते हैं और शरीर पर तेल लगाकर आते हैं, ताकि पकड़ में आने पर फिसलकर भागना आसान हो. यह गिरोह कई बार पुलिस की निगाहों में आ चुका है.
(IANS)

