उदित वाणी, झारखंड: राजधानी रांची में यातायात को सुगम बनाने के लिए बनाए गए रातू रोड एलिवेटेड फ्लाईओवर का उद्घाटन आगामी अप्रैल माह में किया जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इस फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रातू रोड में निर्माणाधीन एलिवेटेड कोरिडोर की प्रगति से अवगत कराया और इसके उद्घाटन के लिए गडकरी को आमंत्रित किया। केंद्रीय मंत्री ने इस आमंत्रण को स्वीकार कर लिया और अप्रैल में इस महत्वपूर्ण परियोजना को जनता को समर्पित करने की सहमति दी।
बैठक के दौरान संजय सेठ ने रांची लोकसभा क्षेत्र सहित झारखंड में चल रही विभिन्न सड़क और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर भी चर्चा की। इस फ्लाईओवर के चालू होने से रातू रोड क्षेत्र में ट्रैफिक की समस्या काफी हद तक कम होगी और लोगों को सुगम यातायात का लाभ मिलेगा।
यह फ्लाईओवर रांची की प्रमुख विकास परियोजनाओं में से एक है और इसके उद्घाटन का क्षेत्र के नागरिकों को बेसब्री से इंतजार है।
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।