उदितवाणी, आदित्यपुर: कोल्हान मजदूर यूनियन के प्रयासों से बिहार रफिया इंडस्ट्री लिमिटेड के 60 स्थायी मजदूरों को आखिरकार सेटलमेंट राशि प्राप्त हो गई. आदित्यपुर-01 के एम टाइप दुर्गा पूजा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से मजदूरों को सेटलमेंट राशि के चेक सौंपे.
सोच-समझकर करें राशि का उपयोग
इस अवसर पर नेताओं ने मजदूरों से अपील की कि वे सेटलमेंट राशि का सोच-समझकर उपयोग करें ताकि यह उनके भविष्य के लिए सहायक साबित हो. गौरतलब है कि वर्ष 2022 में बिहार रफिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बंद होने के बाद से मजदूर अपनी बकाया राशि की मांग को लेकर संघर्षरत थे. हालांकि मामला अब भी एनसीएलटी में विचाराधीन है.
कोल्हान मजदूर यूनियन का दो साल का संघर्ष
मजदूरों को उनकी सेटलमेंट राशि दिलाने के लिए कोल्हान मजदूर यूनियन पिछले दो वर्षों से लगातार प्रयास कर रही थी. पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में यूनियन ने प्रबंधन पर लगातार दबाव बनाया, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया.
“कंपनी प्रबंधन कर रहा मजदूरों का शोषण” – अरविंद सिंह
पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह ने आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की कई कंपनियों पर मजदूरों के शोषण का आरोप लगाया. उन्होंने विशेष रूप से गम्हरिया स्थित भारत रबर कंपनी के प्रबंधन पर निशाना साधते हुए आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी.
उदित वाणी टेलीग्राम पर भी उपलब्ध है। यहां क्लिक करके आप सब्सक्राइब कर सकते हैं।