
उदित वाणी, जमशेदपुर: झारखंड स्टेट बार काउंसिल चुनाव में लगातार तीसरी बार शानदार जीत दर्ज करने वाले वाइस चेयरमैन राजेश कुमार शुक्ला का शनिवार को जमशेदपुर जिला बार संघ में भव्य स्वागत किया गया। बार भवन में आयोजित इस अभिनंदन समारोह में अधिवक्ताओं का भारी उत्साह देखने को मिला।
लगातार तीसरी बार मिली प्रचंड जीत
झारखंड स्टेट बार काउंसिल के 12 मार्च को हुए चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद, राजेश कुमार शुक्ला ने अपनी मजबूत पकड़ साबित करते हुए लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर अधिवक्ता अक्षय कुमार झा के कुशल संचालन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अधिवक्ता विनोद कुमार मिश्रा ने मुख्य भूमिका निभाई।
वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने किया सम्मानित
समारोह के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता रतन चक्रवर्ती, मोहम्मद कासिम, रामजीत पांडे, दिनेश पांडे और त्रिलोकी नाथ ओझा सहित कई गणमान्य सदस्यों ने राजेश कुमार शुक्ला को पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर राजेश कुमार शुक्ला ने सभी साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी अधिवक्ताओं की एकजुटता और हितों के लिए कार्य करने का संकल्प दोहराया।
बार पदाधिकारियों से शिष्टाचार मुलाकात
राजेश कुमार शुक्ला ने बार संघ के अध्यक्ष रतेंद्र नाथ दास से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उपाध्यक्ष बलाई पंडा और अन्य पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में हिमांशु शेखर घोष, एस.एन. तिवारी, और पूर्व सदस्य प्रकाश झा जैसे वरिष्ठ वकील भी मौजूद रहे।
लड्डू वितरण और विशेष सम्मान
खुशी के इस मौके पर पूरे परिसर में लड्डू बांटे गए। अधिवक्ता अशोक सिंह और महिला अधिवक्ता उमा कामेश्वरी ने अंगवस्त्र देकर शुक्ला का विशेष सम्मान किया। वहीं, पुराने कोर्ट परिसर में कांतानंद सोनी, दिनेश कुमार और रमेश प्रसाद ने राजेश कुमार शुक्ला के साथ-साथ विजयी प्रत्याशी अब्दुल कलाम रसीदी का भी भव्य स्वागत किया।

