
शहर की यूनियनों के आपसी विवाद को सुलझाने में निभाई थी अहम भूमिका
उदित वाणी,जमशेदपुर : श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग ने झारखंड के तेज तर्रार और जानकार श्रम अधिकारी राकेश प्रसाद को दोबारा जमशेदपुर का नया उप श्रमायुक्त (डीएलसी) बनाया है. विभाग की ओर से 28 जुलाई को जारी आदेश में राकेश प्रसाद को जमशेदपुर स्थानांतरित किया गया है. वर्तमान में न्यूनतम मजदूरी झारखंड के निदेशक राकेश प्रसाद को राज्य सरकार ने अपर निदेशक, श्रमिक संघ झारखंड के साथ जमशेदपुर का उप श्रमायुक्त बनाया है. जमशेदपुर के वर्तमान उप श्रमायुक्त राजेश प्रसाद को निदेशक, न्यूनतम मजदूरी, झारखंड बनाया गया है. उन्हें बोकारो का भी श्रमायुक्त बनाया गया है. टेल्को वर्कर्स यूनियन विवाद से सुर्खियों में आए थे राकेश प्रसाद टेल्को वर्कर्स यूनियन के विवाद में राकेश प्रसाद ने अपने सूझबूझ का परिचय दिया था. यूनियन की गुटबाजी और जूतमपैजार से परेशान प्रबंधन और कर्मचारियों को इस दलदल से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई थी. यूनियन की हर रोज की मारपीट से परेशान होकर यूनियन के दोनों धड़ों को बैठाकर समस्या का समाधान निकाला. यही नहीं 2016 के टाटा मोटर्स के ग्रेड में अहम भूमिका निभाते हुए पहली बार कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा योजना को मजबूत करने के लिए प्रबंधन पर दबाव डाला था. इसका नतीजा हुआ कि कर्मचारियों का वेतन दुगुना हो गया और सोशल सिक्यूरिटी स्कीम शहर में सबसे बेहतर हो गई. यही नहीं टिमकेन में यूनियन के आपसी विवाद को खत्म करने में भी अहम भूमिका निभाई और प्रबंधन द्वारा यूनियन के एक धड़े को सपोर्ट करने पर उनकी नकेल कसी.

