
उदित वाणी, रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का बुधवार से तीन दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर झारखंड पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट मोड पर है. सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर ली गई है.
राष्ट्रपति की काफिला गुजरनेवाले सभी सड़कों से अतिक्रमण के साथ-साथ ठेला-खोमचा भी हटा दिया गया है. गौरतलब है कि राष्ट्रपति बाबा नगरी देवघर में पूजा पाठ के साथ ही अपनी यात्रा प्रारम्भ करेंगी. 24 मई को सुबह ही राष्ट्रपति देवघर पहुचेंगी. भोलेनाथ के दर्शन के बाद राष्ट्रपति रांची आयेंगी और अपराहन पांच बजे झारखंड हाईकोर्ट के नवनिर्मित भवन का उध्दघाटन करेंगी.
जबकि राष्ट्रपति रात्रि विश्राम राजभवन में करेंगी. अगले दिन यानी 25 मई को राष्ट्रपति खूंटी का दौरा करेंगी और अपराहन रांची के नामकूम में ट्रिपल आईटी के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी.
इस दौरान ट्रैफिक रूटों में भी बदलाव किए जाएंगे. इन जगहों पर सुरक्षा को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी हैं. पुलिस मुख्यालय द्वारा रांची पुलिस को 2500 अतिरिक्त बल दिया गया है. ताकि इस यात्रा में राष्ट्रपति को किसी तरह की परेशानी ना हो. वहीं देवघर एयरपोर्ट से बाबा मंदिर तक जाने के रास्ते में दो हजार अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है.
खूंटी में भी महिला समूहों के कार्यक्रम में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पूरी तैयारी की गयी है और पुलिस मुख्यालय ने हीं 800 अतिरिक्त बल तैनात किया है. इधर रांची में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से राजभवन तक सुरक्षा के मद्दे नजर बहुमंजिला इमारतों पर भी सशस्त्र जवानों की तैनाती की गई है. डॉग स्कवायड व बम निरोधक दस्ता को भी अलर्ट किया गया है.
सादे वर्दी में भी सुरक्षा बल की तैनाती की जा रही है. रांची में 115 इंस्पेक्टर, 717 एसआइ व एएसआइ, पुरुष लाठी बल 2820, महिला लाठी बल 83 सशस्त्र बल 35, बम निरोधक दस्ता 3, रैप की 4 कंपनी डॉग स्क्वॉयड की दो तथा तीन टीयर गैस व एटीएस के दो कर्मियों की तैनाती की गई है.
वहीं 24 से 26 मई तक विधिव्यवस्था संधारण के लिए आठ मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा कचहरी चौक पर बनाये गये कंपोजिट कंट्रोल रूम में दो मजिस्ट्रेट को तैनात किया गया है.

