
उदितवाणी,जमशेदपुर: सीबीएसई 10वीं, 12वीं की परीक्षाएं शुरू होने में अब चंद दिन ही बचे हैं. आगामी 15 फरवरी, 2023 से दसवीं, बारहवीं दोनों कक्षाओं के लिए एग्जाम शुरू हो जाएंगे.
बोर्ड एग्जाम के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स एडमिट कार्ड जल्द ही रिलीज किए जाएंगे. संभावना जताई जा रही है कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) जल्द ही परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र रिलीज कर देगा. इसके बाद एडमिट कार्ड सीबीएसई की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकेंगे. इस परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी एडमिट कार्ड प्राप्त करने के लिए अपने स्कूलों से संपर्क कर सकते हैं.
हॉल टिकट मिलने के बाद परीक्षार्थी चेक कर लें कि उसमे दी गई सभी डिटेल्स ठीक है. अगर ऐसा नहीं है तो इसके लिए स्कूल प्रमुख से संपर्क कर सकते हैं. देश भर में 10वीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी 2023 से शुरू होंगी.
कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा 21 मार्च, 2023 को समाप्त होगी. वहीं, कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा 5 अप्रैल, 2023 को समाप्त होगी. कक्षा 10, 12 की परीक्षा सुबह 10.30 बजे शुरू होगी और दोपहर 1.30 बजे समाप्त होगी। फिलहाल, प्रैक्टिकल परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं, जो कि 14 फरवरी, 2023 तक चलेंगी.

