
उदित वाणी, जमशेदपुर: एनआईटी जमशेदपुर के विद्यार्थियों को अब आरएसबी ट्रंसमिशन की भी तीन परियोजनाओं पर साथ मिलकर काम करने का मौका मिलेगा.
जी हां, उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को एनआईटी जमशेदपुर और आरएसबी ट्रांसमिशन के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया. एनआईटी की ओर से संस्थान के निदेशक प्रो. केके शुक्ला की ओर से इसपर हस्ताक्षर किया गया, जबकि आरएसबी ट्रांसमिशन की ओर से कंपनी के एमडी सह वाइस चेयरमैन एसके बेहरा ने हस्ताक्षर किए.
कार्यक्रम में प्रो. आरएन महंती (डीन-आईएंडएआर), प्रो. सीएच एमएस राव, डॉ प्रहलाद प्रसाद, डॉ एसबी. प्रसाद, डॉ तुषार बनर्जी समेत अन्य एसोसिएट डीन और संकाय सदस्य इस एमओयू के दौरान उपस्थित थे.
बताया गया कि इस एमओयू के तहत शुरू में तीन सहयोगी परियोजनाओं को अंजाम दिया जाएगा. गौरतलब हो कि हाल के दिनों में एनआईटी जमशेदपुर ने व्यापक स्तर पर स्थानीय औद्योगिक संस्थानों के साथ मिलकर नई परियोजनाओं पर काम शुरू कर दिया है, ताकि उद्योग-अकादमिक संबंध को प्रगाढ़ कर नई तकनीक को विकसित किया जा सके.
एनआईटी जमशेदपुर बना वर्चुअल लैब का नोडल सेंटर
एनआईटी जमशेदपुर को वर्चुअल लैब के लिए नोडल केंद्र बन गया है. गौरतलब हो कि वर्चुअल लैब की परियोजना केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की पहल पर राष्ट्रीय शिक्षा मिशन के तहत आईसीटी के द्वारा शुरू की गई है.
इस संबंध में आईआईटी खड़गपुर के संकाय सदस्यों और परियोजना डेवलपर्स की एक टीम ने 1 नवंबर 2022 को एनआईटी जमशेदपुर परिसर का दौरा किया और संकाय, प्रयोगशाला तकनीशियन और छात्रों के लिए तीन समानांतर कार्यशालाओं का आयोजन किया. यह पहल छात्रों को वर्चुअल मोड में प्रयोगों के बारे में जानने में मदद करेगी और महामारी के परिदृश्य में बेहद उपयोगी होगी.
बताया गया कि अब तक कई विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों में ही ‘वर्चुअल लैब’ स्थापित किए गए हैं. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान राष्ट्रीय प्रोद्योगिकी संस्थान समेत देश की कुछ शीर्ष शैक्षणिक संस्थाओं के सहयोग से वर्चुअल लैब के रूप में एक ऐसे आभासी संसार का सृजन किया गया है, जहां वर्चुअल लैब के जरिए छात्र विज्ञान संबंधी प्रयोग एवं नवाचार कर सकते हैं.
मसलन, अगर किसी छात्र को वर्चुअल लैब के माध्यम से सर्किट तैयार करना हो तो इस वर्चुअल लैब में संबंधित विषय पर सभी उपकरण उपलब्ध हैं. उपयुक्त मात्रक वाले प्रतिरोध का उल्लेख कर छात्र सर्किट बना सकते हैं और वास्तविक आंकड़ा प्राप्त कर सकते हैं.

