
उदित वाणी, रांची: स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक प्रतियोगिता परीक्षा-2022 के लिए ऑनलाइन आवेदन भरने की तिथि बढ़ा दी गई है. अब प्रतियोगिता में शामिल होनेवाले अभ्यर्थी 22 नवंबर तक फॉर्म भर सकते हैं.
जबकि इससे पहले ऑनलाइन आवदेन की समय सीमा पहली नवंबर को ही खत्म हो रही थी. झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा अपरिहार्य कारण बताते हुए आवेदन की समय सीमा बढ़ाने की सूचना जारी कर दी गई है.
इसके साथ ही आयोग द्वारा आनलाइन परीक्षा शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 24 नवंबर तथा फोटो एवं हस्ताक्षर अपलोड करने की अंतिम तिथि 27 नवंबर निर्धारित की गई है.
वहीं ऑनलाइन आवेदन पत्र में किसी प्रकार का संशोधन 29 नवंबर से एक दिसंबर तक किया जा सकता है. ज्ञात हो कि प्लस टू हाई स्कूलों में स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षकों के 3120 पदों पर नियुक्ति किया जायेगा.
इनमें 2855 नियमित तथा 265 बैकलाग पद शामिल हैं. कुल पदों में 25 प्रतिशत पद तीन साल तक सेवा दे चुके हाई स्कूल शिक्षकों के लिए आरक्षित किया गया है.

