
सूर्य मंदिर विवाद पर लगातार रहीं सक्रिय
घाटों के इंतजाम को लेकर मोबाइल से साधा संपर्क
दिया भरोसा- व्रतियों को नहीं होगी कोई परेशानी
उदित वाणी, जमशेदपुर: छठ महापर्व के अवसर पर जिले की उपायुक्त विजया जाधव ने समस्त जिले वासियो को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिया है कि लोक आस्था के इस महान पर्व पर लोगों को किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी.
उन्होंने सभी जिला वासियों से छठ महापर्व को हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण रूप से मनाने में जिला प्रशासन को सहयोग देने की अपील की है. वास्तव में उपायुक्त शनिवार को पूरे दिन दो मोर्चे पर सक्रिय रहीं. एक ओर जहां सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर में रघुवर दास व सरयू राय के समर्थकों के बीच हुई भिड़ंत से उत्पन्न तनापूर्ण स्थिति को सामान्य बनाने की चुनौती थी तो दूसरी तरफ छठ घाटों के इंतजाम को देखना था.
डीसी समेत तमाल आला अधिकारी सूर्य मंदिर परिसर में हुए संघर्ष के बाद पूरी तरह अलर्ट रहे. डीसी ने कई स्तर पर मीटिंग की और सूर्य मंदिर में हालात को सामान्य बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए.
एक ओर सिदगोड़ा टाउन हाल परिसर में रघुवर व सरयू गुट के किसी तरह के कोई कार्यक्रम पर रोक लगाकर उन्होंने प्रशासन की दृढ़ता को सामने लाया तो सूर्य मंदिर परिसर को व्रतियों व सेवादारों के लिए पहले की तरह खोलकर प्रशासन की संवेदनशीलता का भी परिचय दिया. डीसी देर शाम सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर भी पहुंची और व्यवस्था का जायजा लिया.
दूसरी ओर मातहत अधिकारियों से तमाम छठ घाटों की व्यवस्था को लेकर मोबाइल पर जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश देती रहीं. सूर्य मंदिर परिसर विवाद की वजह से डीसी समेत दूसरे अधिकारी अधिकांश छठ घाटों का भौतिक निरीक्षण शनिवार को नहीं कर सके. डीसी द्वारा वीसी के माध्यम से सभी प्रखंडों और शहरी निकायों में अब तक छठ घाटों में की गई व्यवस्था की समीक्षा की गई.
रैफ भी तैनात, ड्रोन से भी निगरानी
सूर्य मंदिर सिदगोड़ा समेत तमाम छठ घाटों पर साफ सफाई के अतिरिक्त विद्युत आदि की व्यवस्था की गई है. मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. साथ ही रैफ के जवान भी विधि व्यवस्था के संधारण हेतु लगाए गए हैं. सवेंदनशील स्थलों की निगरानी ड्रोन से भी की जाएगी.
अफसरों को सतर्क रहने का निर्देश
डीसी ने सभी पदाधिकारियों को सतर्क और सजग रहने का निर्देश दिया है. साथ ही कहा है कि पदाधिकारी गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करेंगे. इस अवसर पर ग्रामीण एसपी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम एवं घाटशिला सभी अंचल पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी पाटमदा डीएसपी, डीएसपी सीसीआर एवं शहरी निकाय के पदाधिकारी उपस्थित थे.


