
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर में मंगलवार को मेघा जमकर बरसे. शाम करीब पांच बजे से को बारिश शुरू हुई तो रातनके 8.30 बजे तक होती रही. इस दौरान जमशेदपुर में 53 मिमी बारिश दर्ज की गई. मौसम विभाग के मुताबिक 13 अक्टूबर तक अब ऐसा ही मौसम बना रहेगा.
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने 13 अक्टूबर तक बारिश की संभावना जताई है. परिवर्तन का कारण उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का सक्रिय होना है. इससे बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से जमशेदपुर समेत राज्य के कई हिस्से में बारिश हो सकती है. हालांकि इस दौरान भारी बारिश जैसी संभावना नहीं है. गर्जन और वज्रपात जैसी स्थिति बनी रह सकती है. इसे लेकर सतर्कता बरतने की चेतावनी भी जारी की गई है.
मानसून के अध्ययनकर्ता बता रहे हैं कि मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू होते ही पश्चिमी विक्षोभ के बादल सक्रिय होने लगे हैं. मानसूनी बादल और पश्चिमी विक्षोभ के बादल के आपस में टकराने से राज्य के कई हिस्से में भारी बारिश हुई है. इसका असर अब जमशेदपुर व आसपास दिख सकता है. जानकर बताते हैं कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण झारखंड में साइक्लोनिक सर्कुलेशन की स्थिति उत्पन्न हुई है. जिसके कारण झारखंड के उत्तर-पूर्वी एवं दक्षिणी हिस्से में आगामी तीन दिनों तक वर्षा की संभावना है. मौसम विभाग ने पहले ही आंशिक एवं मध्यम दर्जे की वर्षा की होने का येलो अलर्ट जारी किया था.
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य के कुछ-कुछ स्थानों में हल्के एवं मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा होने से तापमान में गिरावट होगी. जमशेदपुर में पिछले तीन दिनों से कहीं-कहीं भारी तथा कहीं-कहीं आंशिक वर्षा रिकार्ड की गई. जिसके कारण दिन का तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई. हालांकि मंगलवार को शाम में वर्षा होने से तामपान में निश्चित गिरावट हुई और ठंड का एहसास होने लगा. सोमवार को जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. जबकि मंगलवार की शाम 5.30 बजे अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया. लेकिन छह बजे अचानक मौसम में परिवर्तन होने से वर्षा होने के कारण तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस की कमी होने की पूरी उम्मीद है. मौसम विभाग की माने तो अगले तीन दिनों तक दोपहर बाद मौसम की यही स्थिति रहेगी. 14 अक्टूबर के बाद से वर्षा का दौर टलने के बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी.
Advertisement
<

