
उदित वाणी जमशेदपुर: एलबीएसएम कॉलेज जमशेदपुर में अमृत महोत्सव का 13वें दिन गणित एवं उर्दू विभाग की ओर से वीर सुरेन्द्र साई, नीलांबर पीतांबर, फूलो झानो एवं शेख भिखारी पर व्याख्यानमाल का आयोजन किया गया. इसमें डॉ बालकृष्ण बेहरा, डॉ. पीके गुप्ता, दिनेश मंडल एवं डॉ. शबनम परवीन ने व्याख्यान दिया. बहरागोड़ा के प्राचार्य डा बालकृष्ण बेहरा ने कहा कि वीर सुरेन्द्र साई 1817 से 1857 तक अंग्रेजों के खिलाफ लड़े और लगभग 36वर्षों तक जेल में रहे. डॉ. पीके गुप्ता ने कहा कि नीलांबर-पीतांबर को सम्मान देने के लिए उनके नाम से विश्वविद्यालय बना. दिनेश मंडल ने कहा कि झारखंड की बेटी फूलो एवं झानो ने सिदो-कान्हू, चांद-भैरव के साथ हूल विद्रोह में भाग लिया. उनका साहस महिलाओं के लिए प्रेरक है. डॉ. सबनम परवीन ने कहा कि शेख भिखारी ने संगठित होकर 1857 के विद्रोह में भाग लिया. अध्यक्षीय भाषण विनय कुमार गुप्ता ने दिया. कार्यक्रम में मोहन साहू, डॉ. विजय प्रकाश, डॉ. रानी, डॉ. मौसमी पॉल, डॉ. संचिता भई सेन, बिनोद कुमार, अरविंद प्रसाद पंडित, डॉ. अजेय वर्मा आदि उपस्थित थे.

