
उदित वाणी, जमशेदपुर : पटमदा प्रखंड के कांकु गांव में प्रस्तावित पत्थर खदान के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों ने नारे लिखी तख्तियों के साथ प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर खनन परियोजना पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि लगभग 5.90 एकड़ भूमि में पत्थर खदान स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है, जिसका ग्रमीणों द्वारा ग्राम सभा में सर्वसम्मति से विराेध किया गया है। उनके अनुसार, प्रस्तावित स्थल के समीप अंतरराष्ट्रीय बागीचा, आंगनबाड़ी केंद्र, ग्रामीणों के घर और जाहेरथान स्थित हैं, जिससे खनन कार्य के दौरान विस्फोट, धूलकण और प्रदूषण से बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों के स्वास्थ्य और पर्यावरण को गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
इस विरोध को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) का समर्थन मिला है। आंदोलन में संगठन के पदाधिकारी दिनेश महतो, सुब्रत महतो, रामप्रसाद महतो, अनिल बास्के, मृत्युंजय महतो सहित कई लोग मौजूद थे। ग्रामीणों ने आवेदन में स्पष्ट किया है कि कांकु गांव अनुसूचित क्षेत्र में आता है और ग्राम सभा की सहमति सर्वोपरि है, इसलिए ग्राम सभा के निर्णय, जनहित और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए किसी भी स्थिति में खदान स्थापित नहीं की जानी चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से विनती की कि प्रस्तावित पत्थर खदान की स्वीकृति और आगे की प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर तत्काल रोक लगाई जाए। आवेदन की प्रतिलिपि जिला खनन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी को भी भेजी गई है। ज्ञापन पर ग्राम प्रधान मुचीराम मुर्मू सहित कई ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किए हैं।

