
उदित वाणी, जमशेदपुर : बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना लेक के समीप हलुदबनी गांव में शुक्रवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए. हादसे में संकोसाई निवासी 52 वर्षीय जितेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि 9 वर्षीय राघव सिंह सरदार और मानगो आजादनगर निवासी 34 वर्षीय अब्दुल रहमान को मामूली चोटें आई हैं. सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार जितेंद्र सिंह अपने भांजे राघव सिंह सरदार के साथ लावजोड़ा स्थित प्रसिद्ध हाथीखेदा मंदिर में पूजा-अर्चना कर वापस लौट रहे थे. इसी दौरान हलुदबनी के समीप सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई. दूसरी बाइक चला रहे अब्दुल रहमान जमशेदपुर से अपने पैतृक गांव सांउतालडीह (पुरुलिया) जा रहे थे. वह बालीगुमा स्थित एक गैराज में मिस्त्री के रूप में कार्यरत हैं.
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. इसी बीच वहां से गुजर रहे तुरियाबेड़ा निवासी टेंपो चालक सूरज कुमार और शेखर शर्मा ने मानवता का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल जितेंद्र सिंह और राघव को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. वहीं, घायल अब्दुल रहमान को हलुदबनी कैंप पुलिस की मदद से उपचार के लिए भेजा गया.
घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर लिया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है. स्थानीय लोगों ने घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले युवकों की सराहना की है.

