उदित वाणी, झारखंडः बोकारो के सेक्टर-12 मोड़ स्थित कम्पोजिट शराब दुकान में हुई लाखों रुपये की विदेशी शराब चोरी मामले का पुलिस ने महज 6 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी गई शराब बरामद करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जप्त शराब की कीमत लगभग साढ़े तीन लाख रुपए है।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए सफलता हासिल की।
डीएसपी राजीव रंजन ने बताया कि 4 जून की सुबह करीब 6 बजे सूचना मिली कि सेक्टर-12 मोड़ स्थित लाइसेंसी कम्पोजिट शराब दुकान में सेंधमारी कर विदेशी शराब चोरी कर ली गई है। सूचना मिलने पर बीएस सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। जांच में पाया गया कि दुकान के पीछे लगे चदरे को उखाड़कर अज्ञात चोरों ने बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की चोरी की है।
दुकान संचालक संदीप कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर बीएस सिटी थाना कांड संख्या 114/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक नगर राजीव रंजन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 6 घंटे के भीतर पूरे मामले का उद्भेदन कर लिया। छापेमारी के दौरान चोरी की गई करीब साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य की शराब बरामद की गई। बरामद सामान में विभिन्न ब्रांड की 750 बोतल विदेशी शराब, 137 बोतल और कैन बीयर तथा चोरी में इस्तेमाल किया गया। विदेशी शराब और बीयर मिलकर 335 लीटर की चोरी की गई थी।
एक लोहे का कटर शामिल है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशु पटेल उर्फ सूटर, राजकुमार उर्फ लोला, नितिश कुमार उर्फ गोलू और नंदु कुमार शामिल हैं। सभी आरोपी बोकारो के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं।


