उदित वाणी, जमशेदपुर: खासमहाल-गोविंदपुर सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता और लंबे समय से कार्य अधूरा रहने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इस मुद्दे को उठाते हुए भाजपा परसुडीह मंडल के अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है।
बताया गया कि लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से बन रही खासमहाल-गोविंदपुर सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से ठप पड़ा हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी के कार्यस्थल से गायब रहने के कारण सड़क अधूरी और बदहाल स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और धूल के कारण आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
खराब सड़क के कारण ऑटो और एम्बुलेंस चालकों को भी आवाजाही में कठिनाई हो रही है, जिससे मरीजों, विद्यार्थियों और रोजाना यात्रा करने वाले लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं। कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग को शिकायत देने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने से ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने विरोध-प्रदर्शन और सड़क जाम का सहारा लिया।
भाजपा परसुडीह मंडल ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही निर्माण में हुई संभावित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। संगठन ने संबंधित संवेदक की जवाबदेही तय करते हुए निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने तथा सड़क पर सुरक्षित और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने की भी मांग की है।


