उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में चावला मोड़ के पास स्थित पम्मी धर्मकांटा के पास शनिवार को एक लॉजिस्टिक कंटेनर में भीषण आगलगी की घटना हुई थी. इस दर्दनाक हादसे में रायसीना (मध्य प्रदेश) निवासी कंटेनर चालक भरत दास की झुलसकर मौत हो गई थी. इस बड़ी घटना के बाद अब जियाडा (JIADA) प्रशासन पूरी तरह से गंभीर हो गया है. जियाडा प्रशासन के द्वारा इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए धर्मकाँटा संचालक को 24 घंटे के अन्दर अतिक्रमण हटाने का सख्त निदेश दिया गया है.
जियाडा टीम की जाँच में भूमि अतिक्रमण की हुई पुष्टि
इससे पूर्व सोमवार को जियाडा प्रशासन की एक विशेष टीम जाँच के लिए घटनास्थल पर पहुँची. टीम के द्वारा पम्मी धर्मकाँटा तथा धर्मकाँटा को आवंटित की गई भूमि की गहन जाँच की गई. इस जाँच के दौरान यह पाया गया कि पम्मी धर्मकाँटा संचालक के द्वारा आवंटित भूमि से ज्यादा भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण किया गया है.
नाले के ऊपर ब्लॉक बिछाकर किया गया है अवैध कब्जा
जानकारी के अनुसार, जियाडा के द्वारा पूर्व में की गई जाँच में भी यह बात सामने आई थी कि नाले के ऊपर ब्लॉक बिछाकर अतिक्रमण किया गया है, जिसकी पूरी पुष्टि हो चुकी थी. इस अवैध कब्जे के मामले में जियाडा प्रशासन द्वारा पूर्व में दो बार धर्मकाँटा संचालक को नोटिस भेजा गया था. उस दौरान धर्मकाँटा संचालक के द्वारा स्वयं ही अवैध कब्जा हटाने की बात कही गई थी, परन्तु संचालक द्वारा अब-तक उस पर अमल नहीं किया गया है.
निर्धारित समय-सीमा में कब्जा न हटाने पर होगी विधि-सम्मत कार्रवाई
कंटेनर में आग लगने और चालक भरत दास की मौत के बाद जियाडा ने इस बार बेहद कड़ा रुख अपनाया है. प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यदि निर्धारित समय-सीमा यानी 24 घंटे के अन्दर संचालक द्वारा अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है, तो जियाडा प्रशासन नियमानुकूल तरीके से सख्त विधि-सम्मत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा.


