उदित वाणी, गम्हरिया: स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने और युवाओं को फिटनेस के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से गम्हरिया स्थित एसएस कॉम्प्लेक्स के द्वितीय तल में ‘द फिटनेस हब जिम’ का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के उप महापौर अंकुर सिंह, झामुमो केंद्रीय सदस्य एवं वरिष्ठ नेता गणेश महाली, वरिष्ठ समाजसेवी संजीव कुमार सिंह, झामुमो युवा नेता सन्नी सिंह, होनी सिंह मुंडा, मुन्ना मंडल, अविनाश सिंह सहित अन्य अतिथियों ने भाग लिया तथा जिम संचालक सोनू रजक को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में स्वस्थ जीवनशैली अपनाना समय की आवश्यकता है। नियमित व्यायाम न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर आत्मविश्वास भी बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त फिटनेस सेंटर का खुलना युवाओं के लिए प्रेरणादायक पहल है।
इस दौरान अतिथियों ने जिम परिसर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधुनिक मशीनों एवं सुविधाओं की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि यह केंद्र युवाओं को नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रखकर उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जिम संचालक सोनू रजक ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा फिटनेस के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित मार्गदर्शन और आधुनिक उपकरणों के माध्यम से लोगों को गुणवत्तापूर्ण फिटनेस प्रशिक्षण दिया जाएगा।


