उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के रोड नंबर-3 में सोमवार को दो गुटों के बीच विवाद खूनी झड़प में बदल गया. मारपीट के दौरान एक युवक पर लोहे के रॉड से ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान एक पक्ष ने फायरिंग की कोशिश भी की, लेकिन हथियार का लॉक फंस जाने से गोली नहीं चल सकी और बड़ी घटना टल गई. जान बचाने के लिए घायल युवक पास की मस्जिद की ओर भागा, लेकिन हमलावर वहां तक उसका पीछा करते पहुंचे और हमला जारी रखा. स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ.
सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली बरामद की है तथा पूछताछ के लिए दो युवकों को हिरासत में लिया है. हिरासत में लिए गए एक युवक ने फायरिंग के प्रयास की बात स्वीकार की है.
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें सफेद शर्ट पहना एक युवक लोहे के रॉड से हमला करता दिखाई दे रहा है. बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य युवक के साथ भी मारपीट की गई. हालांकि कथित फायरिंग का प्रयास कैमरे में कैद नहीं हुआ है. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और विवाद के कारणों की जांच में जुटी है. घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है.


