उदित वाणी, सरायकेला : राज्य सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में जिले में भीषण गर्मी एवं लू की स्थिति (Severe Heat Wave Conditions) को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आमजन की सुविधा एवं सुरक्षा हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं. बढ़ते तापमान और लू के प्रकोप से आम नागरिकों को राहत देने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने दिए पेयजल उपलब्धता के निर्देश
उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह (DC Nitish Kumar Singh) के निर्देशानुसार जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, बस स्टैंड एवं अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छ पेयजल (Clean Drinking Water) की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही आम जनता को पानी की किल्लत न हो, इसके लिए क्षेत्र के खराब पड़े चापाकलों की त्वरित मरम्मत कराने एवं प्रभावित इलाकों में त्वरित जलापूर्ति (Water Supply) सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को जारी किए गए हैं.
हीट वेव (Heat Wave) से बचाव के लिए जिला प्रशासन की जरूरी गाइडलाइन
बढ़ती तपिश को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा आमजन से विशेष अपील की गई है कि वे अत्यधिक गर्मी एवं लू से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियां जरूर बरतें. प्रशासन ने नागरिकों को सलाह दी है कि:
दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी या तरल पदार्थों का सेवन करें.
अनावश्यक रूप से दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलने से बचें.
यदि धूप में निकलना जरूरी हो, तो सिर और शरीर को ढककर रखें.
स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाने की सलाह
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी नागरिक को अत्यधिक गर्मी के कारण चक्कर आना, उल्टी, तेज सिरदर्द या स्वास्थ्य संबंधी अन्य कोई समस्या होती है, तो वे बिना लापरवाही किए तत्काल अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र (Healthcare Center) से संपर्क करें. जिले के अस्पतालों को भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर रहने को कहा गया है.


