उदित वाणी, जमशेदपुर : कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) द्वारा शुरू किए गए 40 वर्ष से अधिक आयु के सभी बीमित कर्मचारियों के लिए निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम के तहत सोमवार को क्षेत्रीय कार्यालय रांची के अधिकारियों ने ईएसआईसी अस्पताल आदित्यपुर का दौरा किया.
इस अवसर पर क्षेत्रीय निदेशक श्वेता कुमार एवं सहायक निदेशक विनय कुमार जायसवाल ने अस्पताल पहुंचकर बीमित व्यक्तियों के स्वास्थ्य जांच कार्य का निरीक्षण किया. उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि सभी पात्र बीमित व्यक्तियों का समुचित स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है. निरीक्षण के उपरांत दोनों अधिकारियों ने टाटा स्टील जमशेदपुर का भी दौरा किया और वहां नियोजित कर्मचारियों तथा कार्यरत वेंडरों को संबोधित किया.
अपने संबोधन में श्वेता कुमार ने ईएसआईसी द्वारा प्रदान किए जाने वाले विभिन्न हितलाभों की जानकारी दी और 40 वर्ष से अधिक आयु के कर्मचारियों के लिए नियमित वार्षिक स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जोर डाला. उन्होंने कहा, “समय पर स्वास्थ्य परीक्षण से गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक पहचान और रोकथाम संभव है.”उन्होंने नियोक्ताओं से अपील की कि वे अपने सभी पात्र कर्मचारियों को इस योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित करें.
इस मौके पर संजय कुमार (शाखा प्रबंधक, आदित्यपुर), सचित कुमार (शाखा प्रबंधक, गोलमुरी), रंजीत कुमार बरनवाल, रविशंकर एवं राजीव कुमार (सामाजिक सुरक्षा अधिकारी) सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे. ईएसआईसी लगातार अपने बीमित कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर रही है.


