उदित वाणी जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा रोड में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कालीघाट और भैंस घाट के बीच एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। सुबह-सुबह शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे इलाके में दहशत व चर्चाओं का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह कुछ लोग घाट की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पानी के किनारे संदिग्ध हालत में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि व्यक्ति की मौत हो चुकी है। घटना की जानकारी तुरंत मानगो थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हालांकि देर शाम तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला दुर्घटना का है, आत्महत्या का या फिर किसी अन्य घटना से जुड़ा हुआ है। इधर, शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हैं। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।


